जोधपुर। 7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई भक्तिमय फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम शुक्रवार को जोधपुर पहुंची। फिल्म के निर्देशक एवं लेखक डॉ. विशाल चतुर्वेदी, अभिनेता सोभिनव सत्य सहित टीम के सदस्यों ने रामनाम लेखन कला की प्रसिद्ध कलाकार डॉ. शिवानी मंडा और उनके परिवार से मुलाकात की।
डॉ. शिवानी मंडा की रामनाम लेखन कला से निर्मित चित्रकला को फिल्म ‘हनुमान अंश’ के अंत में विशेष रूप से दिखाया गया है। फिल्म टीम ने डॉ. मंडा के घर पहुंचकर उनके कला सफर के बारे में जानकारी ली और उनकी कलाकृतियों को देखकर अभिभूत नजर आई।
फिल्म टीम ने बताया कि ‘हनुमान अंश’ जोधपुर के INOX सिनेमा हॉल, इंडियाबुल्स, झालामंड में प्रदर्शित हो रही है। टीम ने शहरवासियों से सपरिवार फिल्म देखने और अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।

राजस्थानी परंपरा से हुआ जोरदार स्वागत
फिल्म टीम के जोधपुर आगमन पर मंडा परिवार की ओर से महामंदिर स्थित राम मोहल्ला रामद्वारा में महंत हनुमान महाराज के सानिध्य में राजस्थानी परंपरा के अनुसार जोरदार स्वागत किया गया।
इस दौरान फिल्म के निर्देशक एवं लेखक डॉ. विशाल चतुर्वेदी और अभिनेता सोभिनव सत्य ने डॉ. शिवानी मंडा की काल्पनिक सपनों से शुरू हुई रामनाम लेखन कला की यात्रा को करीब से देखा और उनकी कला की सराहना की।
फिल्म टीम ने मंदिर में दर्शन किए और महंत हनुमान महाराज से आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर मंडा परिवार के पूर्व प्रधानाचार्य राजमोहन, शारदा मंडा, डॉ. रितुराज, डॉ. रवींद्र बडीयासर, डॉ. हर्ष मंडा, बृजपाल मंडा, बनवारी लाल मंडा, संजय बाघेला, उम्मेद सिंह भाटी, प्रधानाचार्य भागीरथ कड़वासरा, किशोर जाखड़ और अलपुराम टाक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply