जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर 2026 को वोट डाले जाएंगे, जबकि 14 सितंबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश में 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगर पालिकाओं में चुनाव होंगे। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित नगरीय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
1.44 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
इन 309 नगरीय निकायों में कुल 1,44,03,863 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 73,98,415 पुरुष, 70,04,927 महिलाएं और 511 अन्य मतदाता शामिल हैं। नगर निगम जयपुर ग्रेटर में सर्वाधिक मतदाता हैं, जबकि नगर पालिका क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में मतदाता मतदान करेंगे।
1.15 लाख से अधिक कर्मचारी होंगे तैनात
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए करीब 1.15 लाख से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। मतदान दलों के गठन के साथ ही उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया में ईवीएम का उपयोग किया जाएगा।

27 अगस्त से शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त 2026 को सदस्य पदों के लिए लोक सूचना जारी की जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 1 सितंबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 3 सितंबर तक नाम वापस ले सकेंगे।
इसके बाद चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को कराया जाएगा। सभी निकायों के चुनाव परिणाम 14 सितंबर 2026 को घोषित किए जाएंगे।

चुनावी मैदान में बढ़ेगी सियासी हलचल
नगरीय निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। भाजपा और कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के लिए ये चुनाव स्थानीय स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की बड़ी परीक्षा होंगे। वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब राजनीतिक दल प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की तैयारी शुरू कर दी है। अब अगले कुछ दिनों में नामांकन प्रक्रिया के साथ ही प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाने की उम्मीद है।

Leave a Reply