Advertisement

भंवरीदेवी हत्याकांड: 19 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, आज फलोदी में कलेक्टर-एसपी कार्यालय का घेराव

blank

फलोदी/लोहावट। लोहावट क्षेत्र के चर्चित भंवरीदेवी हत्याकांड को 19 दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हत्यारों की गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर लोहावट पुलिस थाने के बाहर पिछले कई दिनों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विभिन्न समाजों के लोग अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।

blank

पूर्व विधायक ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

धरना स्थल पर आयोजित महापंचायत में लोहावट के पूर्व विधायक किशनाराम विश्नोई ने पुलिस एवं प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन को दिया गया दो दिन का अल्टीमेटम अब समाप्त हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

पूर्व विधायक ने ऐलान किया कि 18 अगस्त को फलोदी स्थित जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन में आसपास के क्षेत्रों के साथ विभिन्न समाजों के बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

गिरफ्तारी की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक भंवरीदेवी हत्याकांड के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की शीघ्र जांच पूरी कर आरोपियों को गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था की चुनौती

कलेक्टर और एसपी कार्यालय के घेराव के ऐलान के बाद प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है। आंदोलनकारियों के बढ़ते आक्रोश के बीच पुलिस प्रशासन पर मामले में जल्द कार्रवाई करने का दबाव भी बढ़ रहा है।

फिलहाल सभी की नजरें आज होने वाले प्रदर्शन पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *