औसियां पुलिस और DST की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य सरगना राजूराम समेत 3 शातिर नकबजन गिरफ्तार, पाली, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर में 7 वारदातें कबूलीं; सोलर प्लांट, मोबाइल टावर और मोटर पंप की दुकानों को बनाते थे निशाना।
औसियां। पुलिस थाना औसियां और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी एवं नकबजनी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना राजूराम सहित तीन शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। आरोपी रात्रि के समय सोलर प्लांट, मोबाइल टावर और मोटर पंप की दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
जिला पुलिस अधीक्षक पंकज के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने 10 अगस्त 2026 की रात ग्राम थोब में मोटर पंप रिवाइंडिंग की दुकान का शटर तोड़कर करीब 2 क्विंटल तांबे के नए-पुराने वायर चोरी करने की वारदात का खुलासा किया है।
दिन में रैकी, रात में चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वारदात से पहले दिन में संबंधित दुकानों और स्थानों की रैकी करते थे। इसके बाद रात के समय पिकअप वाहन से पहुंचकर शटर तोड़ने सहित अन्य तरीकों से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने पाली, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर जिलों के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 7 वारदातें करना स्वीकार किया है। आरोपियों ने पाली जिले के ग्राम चोटीला के आसपास अलग-अलग स्थानों से चार बार मोबाइल टावरों की बैटरियां चोरी करना भी स्वीकार किया।
इसके अलावा बीकानेर-फलोदी राजमार्ग के आसपास दुकान का शटर तोड़कर तांबे के वायर चोरी करने, हाईटेंशन लाइन के वायर गोदाम से एल्युमिनियम वायर चोरी करने तथा 13 अगस्त 2026 की रात रामदेवरा के पास सोलर प्लांट से पीतल चोरी करने की वारदात भी कबूल की है।
मामला दर्ज कर पीसी रिमांड पर आरोपी
थोब गांव में हुई चोरी के संबंध में परिवादी धन्नराज पुत्र नेमाराम प्रजापत निवासी मथानियां हाल ग्राम थोब की रिपोर्ट पर पुलिस थाना औसियां में मुकदमा नंबर 253/2026, दिनांक 11 अगस्त 2026, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी औसियां प्रदीपसिंह चारण आरपीएस के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्र चौधरी और जिला विशेष टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया।
DST प्रभारी एएसआई श्रवणकुमार भंवरियां के नेतृत्व में टीम ने सूचना एवं तकनीकी जानकारी जुटाकर तीनों आरोपियों को दस्तयाब किया। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पीसी रिमांड प्राप्त कर अग्रिम अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- राजूराम पुत्र देवाराम, जाति भील, निवासी देड़ा, पुलिस थाना शेरगढ़, जिला जोधपुर ग्रामीण।
- विराराम उर्फ विरू पुत्र बुद्धाराम, जाति भील, निवासी बेलवा राजगढ़, पुलिस थाना बालेसर, जिला जोधपुर ग्रामीण।
- चौथाराम उर्फ सवाईराम पुत्र गजाराम उर्फ गोपाराम, जाति भील, निवासी बेलवा राजगढ़, पुलिस थाना बालेसर, जिला जोधपुर ग्रामीण।
राजूराम का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार आरोपी राजूराम के खिलाफ चोरी सहित विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ बालेसर, राजीव गांधी नगर, साकड़ा, देचू, मंडोर, भणियाणा और शेरगढ़ थानों में पूर्व के प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
चौथाराम उर्फ सवाईराम के खिलाफ मंडोर थाने में वर्ष 2025 के दो मामले दर्ज हैं, जबकि विराराम उर्फ विरू के खिलाफ पुलिस थाना कड़वड़, जोधपुर शहर में वर्ष 2026 का मामला दर्ज है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थानाधिकारी राजेन्द्र चौधरी, DST प्रभारी एएसआई श्रवणकुमार भंवरियां, हैडकांस्टेबल वीरेंद्र खदाव, मोहनराम, मदन मीणा, कांस्टेबल सुरेश डूडी सहित DST टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस थाना औसियां से प्रकाश ढाका सहायक उपनिरीक्षक, प्रकाश चौधरी, रामप्रकाश, हैडकांस्टेबल मनोहरराम, कांस्टेबल धनाराम, धन्नाराम गोदारा, रामप्रसाद, आशाराम, निवासराम और चालक जालाराम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे अन्य वारदातों तथा चोरी के माल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Leave a Reply