Advertisement

जोधपुर ग्रामीण: भोपालगढ़ में MD तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 34.97 ग्राम MD, डोडा पोस्त और मिलावट का पाउडर जब्त

blank

भोपालगढ़। जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना भोपालगढ़ की टीम ने हिंगोली कस्बे में एक रहवासी मकान पर दबिश देकर आरोपी मालाराम पुत्र माणकराम विश्नोई निवासी हिंगोली को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 34.97 ग्राम अवैध MD, 35.15 ग्राम अवैध डोडा पोस्त और 167.74 ग्राम MD में मिलाने का सफेद पाउडर बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामग्री को पुलिस ने जब्त कर लिया।

blank

मुखबिर की सूचना पर दी दबिश

जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पंकज यादव IPS के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत के निकट सुपरविजन तथा वृताधिकारी भोपालगढ़ भंवरलाल बुनकर के निर्देशन में भोपालगढ़ पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

थानाधिकारी राजूराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हिंगोली में आरोपी के रहवासी मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को अवैध MD, डोडा पोस्त और MD में मिलाने के लिए रखा गया सफेद पाउडर मिला।

NDPS एक्ट में मामला दर्ज

मादक पदार्थ बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी मालाराम के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास मादक पदार्थ कहां से आया और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।

पुलिस के अनुसार, अवैध MD और डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त तथा पूरे नेटवर्क के संबंध में आगे की जांच पुलिस थाना खेड़ापा के थानाधिकारी द्वारा की जा रही है।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में भोपालगढ़ थानाधिकारी राजूराम के साथ हेड कांस्टेबल राजूराम, छोटूराम, कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, नैनाराम, पुखराज, प्रकाश गोस्वामी, शिशराम, बुद्धिप्रकाश, दिनेश, निशा, सुमन एवं ड्राइवर प्रकाश सहित पुलिस टीम की भूमिका रही। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल नैनाराम की विशेष भूमिका रही।

जोधपुर ग्रामीण पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा है। पुलिस द्वारा अब आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *