मैरिज गार्डन से चोरी हुई बाइक पुलिस ने बरामद की, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना से आरोपी तक पहुंची टीम
पीपाड़ शहर | PRP NEWS
जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने पीपाड़ शहर में हुई मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार (IPS) के निर्देशन में पीपाड़ शहर थाना पुलिस ने की।

पुलिस के अनुसार, सिंधीपुरा निवासी फिरोज पुत्र साबू खां ने 24 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जुलाई की रात वह लक्ष्मी होटल के पीछे स्थित मामाजी मैरिज गार्डन में मेला देखने गया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल बाहर खड़ी की थी। करीब आधे घंटे बाद लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन नहीं मिलने पर पीपाड़ शहर थाने में मामला दर्ज कराया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपाल सिंह लखावत, वृत्ताधिकारी मनीष देव विश्वकर्मा के निर्देशन तथा थानाधिकारी सीताराम खोजा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्ध महेंद्र पुत्र भंवरलाल जाट (31 वर्ष) निवासी जाटों का बास, रावनियाना रोड, आड़ा मार्ग, खेजड़ला को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल (RJ54 SB 2126) बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चोरी और नकबजनी की वारदातों में संलिप्त रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
- थानाधिकारी सीताराम खोजा
- उपनिरीक्षक बुद्धाराम
- उपनिरीक्षक सुखी (विशेष भूमिका)
- कांस्टेबल गणेश
- कांस्टेबल पप्पूराम

Leave a Reply