Advertisement

12 घंटे में हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन डकैती का पर्दाफाश, ₹1.50 करोड़ का माल बरामद, 11 आरोपी गिरफ्तार | PRP NEWS

blank

सुरक्षाकर्मियों को बांधकर की थी वारदात, पुलिस ने 450 किमी पीछा कर अंतरराज्यीय चोर गिरोह को दबोचा, 2 ट्रक, 2 लग्जरी कार, कैम्पर और जनरेटर जब्त।


PRP NEWS | जोधपुर

जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने हाईटेंशन विद्युत ट्रांसमिशन लाइन परियोजना में हुई करोड़ों रुपये की चोरी का महज 12 घंटे में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब ₹1.50 करोड़ मूल्य के विद्युत तार, कंडक्टर और अन्य सामग्री बरामद की है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त 1 कैम्पर, 1 जनरेटर, 2 ट्रक और 2 लग्जरी कारें भी जब्त की गई हैं।

यह कार्रवाई जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह तथा जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज के निर्देशन में पुलिस थाना बालेसर की टीम ने की।

ऐसे हुई थी वारदात

2 अगस्त 2026 की रात करीब 2 बजे गांव बांवरली के पास निर्माणाधीन 765 केवी डी/सी मेड़ता-11 से बाड़मेर ट्रांसमिशन लाइन परियोजना के गोदाम पर बदमाशों ने धावा बोला। आरोपियों ने सुरक्षा में तैनात गार्डों के हाथ बांध दिए और वहां रखा विद्युत तार, कंडक्टर, बैटरी, जनरेटर सहित करीब ₹1.50 करोड़ का सामान चोरी कर फरार हो गए।

450 किलोमीटर पीछा कर पकड़ा गिरोह

मामला दर्ज होते ही बालेसर थाना पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित कर मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने करीब 450 किलोमीटर तक पीछा करते हुए नागौर, सीकर और पाली जिलों में दबिश देकर अंतरराज्यीय चोर गिरोह के 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी

  • ₹1.50 करोड़ मूल्य के विद्युत तार, कंडक्टर व अन्य सामग्री
  • 1 कैम्पर वाहन
  • 1 जनरेटर
  • 2 ट्रक
  • 2 लग्जरी कारें

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य सरगना अजीज खान (सांकड़ा, जैसलमेर) सहित विक्रम सिंह, देवी सिंह, हिम्मत सिंह और भाणु खान अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने इस कार्रवाई में बालेसर थाना, जिला विशेष टीम जोधपुर ग्रामीण तथा नागौर, सीकर और पाली पुलिस की संयुक्त टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। यह कार्रवाई जोधपुर ग्रामीण पुलिस की हाल के समय की बड़ी सफलताओं में शामिल मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *