Advertisement

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मण्डोर और कायलाना झील का किया निरीक्षण, पर्यटन विकास कार्यों में तेजी के निर्देश | PRP News

blank

जोधपुर। उप मुख्यमंत्री  दिया कुमारी ने रविवार को जोधपुर प्रवास के दौरान मण्डोर एवं कायलाना झील में पर्यटन विभाग और जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा संचालित पर्यटन विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मण्डोर स्थित ऐतिहासिक सुमनोहरा बावड़ी का अवलोकन किया और इसके ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व को देखते हुए संरक्षण, रखरखाव एवं संवर्धन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

blank

उन्होंने पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. पुनीत सिंह को मण्डोर गार्डन स्थित राजकीय संग्रहालय के समग्र विकास के लिए चरणबद्ध एक्शन प्लान तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मण्डोर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से विकसित किया जाए, ताकि यह देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन सके।

वाटर लेजर शो से दिखेगा जोधपुर का गौरवशाली इतिहास

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मण्डोर गार्डन में विकसित किया जा रहा वाटर लेजर शो पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होगा। आधुनिक तकनीक के माध्यम से इस शो में जोधपुर के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक घटनाओं को रोचक एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही यहां एडवेंचर पर्यटन गतिविधियों का भी विकास किया जाएगा।

जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी ने बताया कि वाटर लेजर शो का कार्य तेजी से प्रगति पर है और इसे शीघ्र ही पूर्ण कर आमजन एवं पर्यटकों के लिए शुरू किया जाएगा।

कायलाना झील पर विकास कार्यों की समीक्षा

उप मुख्यमंत्री ने बजट घोषणाओं के तहत कायलाना झील पर चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर पर्यटन एवं मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी, पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. पुनीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *