Advertisement

जोधपुर ग्रामीण डीएसटी की बड़ी कार्रवाई: ₹10 हजार का ईनामी तस्कर आमदीन 18 माह बाद गिरफ्तार | PRP News

blank

तस्कर आमदीन डीएसटी के हत्थे चढ़ा, घेराबंदी कर किया दस्तयाब

जोधपुर ग्रामीण डीएसटी की बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित आरोपी को पकड़ा

जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण जिला पुलिस की जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने वांछित एवं ईनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 18 माह से फरार चल रहे ₹10 हजार के ईनामी अपराधी आमदीन पुत्र रमजान खां को दस्तयाब कर लिया। आरोपी पुलिस थाना आनन्दपुर कालू (जिला ब्यावर) में दर्ज एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के गंभीर प्रकरण में वांछित था।

जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव ने बताया कि पुलिस मुख्यालय एवं महानिरीक्षक पुलिस, जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में वांछित एवं ईनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

रहवासी मकान की घेराबंदी कर दबोचा

25 जुलाई 2026 को हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र चौधरी की सूचना पर डीएसटी ने पीपाड़ शहर थाना क्षेत्र के चांदखां की ढाणी, रियां सेठा स्थित आरोपी के मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी खेतों की ओर भागने लगा, लेकिन डीएसटी टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी के डर से लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। इससे पहले भी कई बार पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन हर बार वह चकमा देकर फरार हो जाता था।

393 किलो डोडा पोस्त बरामदगी मामले में था फरार

गौरतलब है कि 24 फरवरी 2025 को डीएसटी एवं पुलिस थाना बिलाड़ा की संयुक्त नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो और एस्कॉर्ट कार का पीछा किया गया था। तस्कर वाहन छोड़कर खेतों में भाग गए थे। पुलिस ने मौके से 393 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त, 12 बोर डबल बैरल गन, 26 जिंदा कारतूस तथा 6 फर्जी नंबर प्लेटें बरामद की थीं। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया था, जबकि आमदीन फरार हो गया था।

ब्यावर जिले के पुलिस थाना आनन्दपुर कालू में दर्ज प्रकरण संख्या 17/2025 में आमदीन की गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया गया था। दस्तयाब किए जाने के बाद आरोपी को अग्रिम अनुसंधान के लिए ब्यावर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • आमदीन पुत्र रमजान खां, निवासी चांदखां की ढाणी, रियां सेठा, पुलिस थाना पीपाड़ शहर, जिला जोधपुर।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया, हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र चौधरी (विशेष भूमिका), मदन मीणा, मुकनसिंह, सोहनराम, हरेन्द्र लोहरा एवं अशोक भाटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *