Advertisement

डीएसटी की बड़ी कार्रवाई: स्टॉप स्टिक से टायर फोड़कर अवैध बजरी से भरा बिना नंबर का डम्पर पकड़ा, चालक गिरफ्तार

blank

जोधपुर-नागौर हाईवे (एनएच-62) पर फिल्मी अंदाज में कार्रवाई, अवैध बजरी परिवहन पर डीएसटी का बड़ा प्रहार

जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण पुलिस की जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जोधपुर-नागौर हाईवे (एनएच-62) पर अवैध बजरी से भरे बिना नंबर के डम्पर को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एमएमआरडी एक्ट के तहत खेड़ापा थाने में मामला दर्ज किया गया है।

blank

जिला पुलिस अधीक्षक  पंकज ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर एवं पुलिस महानिरीक्षक, जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार अवैध बजरी खनन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  भोपालसिंह लखावत के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

स्टॉप स्टिक से टायर फोड़कर रोका डम्पर

23 जुलाई 2026 को डीएसटी टीम ने एनएच-62 पर बजरी से भरे बिना नंबर के डम्पर को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन को तेज गति से भगा दिया। इस दौरान पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए डम्पर के आगे स्टॉप स्टिक डालकर उसके टायर पंक्चर कर दिए।

इसके बावजूद चालक ने डम्पर की हाइड्रोलिक लिफ्ट उठाकर हाईवे पर कुछ बजरी खाली की और फरार होने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए डम्पर को डिटेन कर लिया।

blank

चालक गिरफ्तार, डम्पर जब्त

पुलिस ने बिना नंबर के डम्पर को जब्त कर चालक नदीम पुत्र अब्दुल अजीज, निवासी माताजी के मंदिर के पास, ओसियां (जोधपुर ग्रामीण) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के आरोप में एमएमआरडी एक्ट के तहत खेड़ापा थाने में मामला दर्ज किया गया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया, हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र, मुकनसिंह, सोहनराम, हरेन्द्र लोहरा, पपूराम, अशोक भाटी तथा खेड़ापा थाना प्रभारी लाखाराम, अशोक चौधरी, कन्हैयालाल, महेन्द्र एवं धर्मेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *