Advertisement

बिराई में पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर का ग्रामीणों ने किया विरोध, ज्ञापन लेने से इनकार पर बढ़ा आक्रोश

blank

प्रशासक श्यामलाल भादू के मामले में न्यायिक जांच की मांग को लेकर पहुंचे ग्रामीण, मंत्री बोले—”धार्मिक कार्यक्रम में आया हूं, ज्ञापन नहीं लूंगा”

बावड़ी।भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बिराई गांव में पंचायती राज एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को रविवार को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। मंत्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिराई में आयोजित एक सरकारी एवं धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान पंचायत समिति भोपालगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण प्रशासक श्यामलाल भादू के मामले में न्यायिक जांच की मांग को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपने पहुंचे।

blank

ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने मंत्री मदन दिलावर को ज्ञापन देने का प्रयास किया तो मंत्री ने यह कहते हुए ज्ञापन लेने से इनकार कर दिया कि “मैं धार्मिक कार्यक्रम में आया हूं, यहां ज्ञापन नहीं लूंगा।” मंत्री के इस रवैये से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने मौके पर विरोध जताया।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि सरकार के मंत्री ही आमजन की बात सुनने और ज्ञापन लेने को तैयार नहीं हैं तो आम नागरिक की समस्याओं का समाधान कौन करेगा। उनका कहना था कि मंत्री का यह व्यवहार जनप्रतिनिधि के अनुरूप नहीं है और इससे लोगों में सरकार के प्रति निराशा बढ़ रही है।

क्या है मामला?

ग्रामीणों के अनुसार, भोपालगढ़ पंचायत समिति केबिराणी गांव के तत्कालीन प्रशासक श्यामलाल भादू को राजस्थान हाईकोर्ट के निर्देशों की अनुपालना में पंचायती राज विभाग द्वारा प्रशासक पद से हटा दिया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि श्यामलाल भादू ग्राम पंचायत में रास्ते से जुड़े विवादों में नियमानुसार कार्रवाई कर रहे थे, लेकिन उनके खिलाफ गलत कार्रवाई की गई। इसी मामले की पुनः न्यायिक जांच की मांग को लेकर ग्रामीण मंत्री को ज्ञापन देना चाहते थे।

blank

विरोध के बीच रवाना हुए मंत्री

ज्ञापन नहीं लेने के बाद ग्रामीणों ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। विरोध बढ़ने पर मंत्री मदन दिलावर कार्यक्रम स्थल से अनंत श्री सुखराम जी ट्रस्ट के वाहन से रवाना हो गए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *