Advertisement

रजलानी को मिली 2 करोड़ की सौगात: नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण, अब 24 घंटे मिलेगी चिकित्सा सुविधा

blank

भोपालगढ़ विधायक गीता बरवड़ ने किया लोकार्पण, कहा— 15 किलोमीटर क्षेत्र के ग्रामीणों को अब इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा

भोपालगढ़। जोधपुर जिले की भोपालगढ़ पंचायत समिति के रजलानी गांव में शनिवार को लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भोपालगढ़ विधायक गीता बरवड़ एवं प्रशासक पारस गुर्जर ने फीता काटकर नवीन भवन का लोकार्पण किया और इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया।

blank

इस अवसर पर विधायक गीता बरवड़ ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत इस स्वास्थ्य परियोजना का निर्माण अब पूर्ण हो गया है और आज इसे जनता को समर्पित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। यहां 24 घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता, सामान्य उपचार, प्रसूति सेवाएं (डिलीवरी) सहित विभिन्न प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

उन्होंने कहा कि रजलानी सहित आसपास के लगभग 15 किलोमीटर क्षेत्र के ग्रामीणों को अब उपचार के लिए गोटन या भोपालगढ़ नहीं जाना पड़ेगा। प्राथमिक स्तर की अधिकांश स्वास्थ्य सेवाएं अब इसी अस्पताल में उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों का समय और आर्थिक खर्च दोनों बचेंगे।

blank

विधायक बरवड़ ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहती हैं और जनहित के मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करती रही हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए उनके दरवाजे हमेशा क्षेत्रवासियों के लिए खुले हैं और भविष्य में भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

राजस्थानी परंपरा के अनुसार हुआ अतिथियों का सम्मान

लोकार्पण समारोह के दौरान ग्राम पंचायत रजलानी की ओर से सभी अतिथियों का माल्यार्पण, साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाज के अनुसार स्वागत एवं सम्मान किया गया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (द्वितीय) डॉ. जितेंद्रदान चारण, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण डूडी, भोपालगढ़ उपखंड अधिकारी गोपाल जांगिड़, प्रधान शांति राजेश जाखड़, जयप्रकाश देवड़ा, सलीम ठेकेदार, रामनिवास कुड़िया, ओमप्रकाश चुटिया, मदन चांवल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

blank

नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से रजलानी एवं आसपास के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलने से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *