सीएचसी बावड़ी ले जाते समय बढ़ा प्रसव पीड़ा का दर्द, एम्बुलेंस में ही जन्मा स्वस्थ बालक, जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित
बावड़ी। सोयला क्षेत्र में 108 एम्बुलेंस सेवा एक बार फिर जीवनदायिनी साबित हुई। शनिवार शाम प्रसव पीड़ा से परेशान गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाते समय एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। ईएमटी दिनेश सोलंकी की तत्परता और सूझबूझ से जच्चा और नवजात दोनों सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार शाम 4:33 बजे 108 एम्बुलेंस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि कविता नामक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हो रही है और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाना है। सूचना मिलते ही ईएमटी दिनेश सोलंकी और पायलट गौतम पांगा ने केस रिसीव किया तथा 4:35 बजे निर्धारित समय पर मौके पर पहुंचकर महिला को एम्बुलेंस में शिफ्ट किया और सीएचसी बावड़ी के लिए रवाना हुए।
रास्ते में रातड़ि के पास पहुंचने पर महिला की प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। ईएमटी दिनेश सोलंकी ने जांच की तो प्रसव की स्थिति बन चुकी थी। ऐसे में एम्बुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रोककर उपलब्ध फर्स्ट केयर संसाधनों की मदद से शाम 4:55 बजे सफलतापूर्वक प्रसव कराया। महिला ने एक स्वस्थ बालक को जन्म दिया। इसके बाद प्लेसेंटा भी सुरक्षित रूप से डिलीवर कराया गया और नवजात व जच्चा की आवश्यक देखभाल करते हुए दोनों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।
सफल प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। इस सफल कार्य के लिए परिजनों ने 108 एम्बुलेंस टीम, विशेष रूप से ईएमटी दिनेश सोलंकी और पायलट गौतम पांगा का आभार व्यक्त करते हुए खुशी जाहिर की।

Leave a Reply