बावड़ी। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिराई में कटनी मार्ग से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। ग्राम पंचायत बिराई के खसरा संख्या 812 स्थित राम चौकी रोड से माता जी की खेजड़िया तक लगभग 1.5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर पड़ोसी खेत मालिकों द्वारा चारदीवारी और बाड़ बनाकर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद ग्राम पंचायत ने यह कार्रवाई शुरू की।

ग्राम पंचायत बिराई के प्रशासक मुन्नाराम सारण तथा ग्राम विकास अधिकारी सुरेश कुमार नारोलिया के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अतिक्रमण चिन्हांकन के लिए तहसीलदार बावड़ी द्वारा राजस्व टीम का गठन किया गया। भू-अभिलेख निरीक्षक पदम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम में पटवारी ओमाराम, सुरेश टाक, बनाराम तथा हल्का पटवारी नंदकिशोर सुथार शामिल रहे।
ग्राम पंचायत ने बताया कि यह कार्रवाई राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 110 के तहत की गई। कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को दो बार नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में अभियान चलाया गया।
बावड़ी नायब तहसीलदार कृष्णा इकिया के नेतृत्व में अतिक्रमण निरोधक दस्ता गठित किया गया। वहीं खेड़ापा थाना प्रभारी (सीआई) लाखाराम जाखड़ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 15 महिला पुलिसकर्मियों सहित 25 पुलिस कांस्टेबल तैनात किए गए।
अतिक्रमण चिन्हांकन के तुरंत बाद दो जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध चारदीवारियों और बबूल की झाड़ियों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त किया गया। कार्रवाई पिछले दो दिनों से लगातार जारी है। प्रशासन के अनुसार पूरे अभियान के दौरान किसी प्रकार का विवाद या अप्रिय घटना नहीं हुई तथा शांतिपूर्ण वातावरण में कार्रवाई संपन्न कराई गई।
शुक्रवार को शाम करीब 6:30 बजे तक अभियान चलाया गया, जिसके बाद शनिवार को भी कार्रवाई पुनः शुरू कर दी गई। पंचायत समिति बावड़ी क्षेत्र में इस अभियान को बड़े स्तर की कार्रवाई माना जा रहा है, जिसमें वर्षों से अतिक्रमित मार्ग को चौड़ा कर आमजन के लिए सुगम बनाया जा रहा है।
ग्राम विकास अधिकारी सुरेश कुमार नारोलिया ने कहा कि ग्राम पंचायत सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे।

Leave a Reply