नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब से भरी पिकअप पकड़ी, जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने शराब तस्करी के नेटवर्क का किया भंडाफोड़
जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण जिले के बोरून्दा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 कार्टन अवैध शराब से भरी एक पिकअप जब्त की है। इस दौरान पुलिस ने तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक पी.डी. नित्या ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर एवं महानिरीक्षक पुलिस, जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी बिलाड़ा के निर्देशन में बोरून्दा थाना प्रभारी सुजानाराम (निरीक्षक पुलिस) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी और गश्त के दौरान यह कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने बोरून्दा से खारिया खंगार की ओर जा रही एक संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में 50 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब से भरी पिकअप को जब्त कर उसमें सवार तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस थाना बोरून्दा में प्रकरण संख्या 128/2026 दिनांक 4 जुलाई 2026 को धारा 19/54 एवं 54(क) राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच थाना प्रभारी सुजानाराम द्वारा की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी
- मनीष पुत्र हनुमान, निवासी मेड़ता सिटी, जिला नागौर।
- लादू सिंह पुत्र सोहन सिंह, निवासी खेजड़ला, थाना बोरून्दा, जिला जोधपुर ग्रामीण।
- हेमाराम पुत्र ओमप्रकाश, निवासी देवरिया, थाना जैतारण, जिला ब्यावर।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी सुजानाराम, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश काला, कांस्टेबल सुखदेव डूडी, सुभाष, हरसुख, गौतम खदाव एवं रामेश्वर नेहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply