प्रसव सेवाओं, स्वच्छता और मरीजों की सुविधाओं पर विशेष जोर, राज्य स्तरीय टीम ने भी किया निरीक्षण; अस्पताल को उच्च स्तरीय सुविधाओं से विकसित करने की तैयारी

भोपालगढ़।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जितेन्द्र सिंह चारण ने शनिवार को भोपालगढ़ स्थित उपजिला अस्पताल (एसडीएच) का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, लेबर रूम, दवा वितरण केंद्र तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया। इसके बाद अस्पताल के समस्त चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और मरीजों के अनुकूल बनाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।

सीएमएचओ डॉ. चारण ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना चिकित्सा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को पंजीकरण, दवा वितरण एवं जांच संबंधी सेवाओं के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़े। सभी आवश्यक दवाइयों और जांच सुविधाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर भी विशेष जोर दिया गया। डॉ. चारण ने अस्पताल के वार्डों, ओपीडी ब्लॉक, शौचालयों एवं अन्य स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कोई सफाई कर्मचारी बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद अपने कार्य में सुधार नहीं करता है तो उसे ड्यूटी से हटाने की कार्रवाई की जाए।
हाल ही में अस्पताल में हुई प्रसूताओं से जुड़ी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ ने मातृत्व एवं प्रसव सेवाओं को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि लेबर रूम की व्यवस्थाओं को पूरी तरह व्यवस्थित रखा जाए तथा गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने लेबर रूम स्टाफ की ड्यूटी रोटेशन प्रणाली के आधार पर लगाने, यथासंभव महिला कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा लंबे समय से लगातार लेबर रूम में कार्यरत कर्मचारियों को अन्य जिम्मेदारियां सौंपने के निर्देश भी दिए। साथ ही अस्पताल के पीएमओ को प्रसव सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर सख्त प्रशासनिक रवैया अपनाने को कहा।

इस दौरान राज्य स्तर से पहुंचे परियोजना निदेशक (मातृत्व स्वास्थ्य) डॉ. तरुण चौधरी ने भी अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, मातृत्व सुविधाओं और आधारभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ मरीजों के हित में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने संकेत दिए कि भविष्य में भोपालगढ़ उपजिला अस्पताल को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के पीएमओ डॉ. मुकेश ढाका, डॉ. अशोक बिश्नोई सहित अस्पताल के सभी चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सीएमएचओ एवं राज्य स्तरीय टीम को विश्वास दिलाया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों की समयबद्ध तरीके से पालना सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में प्रभावी सुधार लाया जा सके।


Leave a Reply