बाड़मेर से पीएम मोदी का बड़ा संदेश: 54 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी की सौगात, पचपदरा रिफाइनरी में किया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत खेजड़ी का पौधारोपण
बालोतरा/बाड़मेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बाड़मेर जिले स्थित पचपदरा रिफाइनरी के दौरे के दौरान प्रदेश को विकास, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण की बड़ी सौगात दी। उन्होंने रिफाइनरी परियोजना का उद्घाटन करने के साथ ही प्रदेश के करीब 54 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र मिलने पर शुभकामनाएं दीं और उन्हें राजस्थान के उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “आज राजस्थान के करीब 54 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र भी मिला है। मैं नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। उनका युवा मन राजस्थान के उज्ज्वल भविष्य को और मजबूती देगा। मैं सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और समर्पण से राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा सरकारी सेवाओं में नई सोच और नई कार्यशैली देखने को मिलेगी।
रिफाइनरी परिसर में किया पौधारोपण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिफाइनरी के आरसीआर (RCR) परिसर के बाहर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत खेजड़ी का पौधा लगाया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य का संदेश दिया।
खेजड़ी का पौधा राजस्थान की पहचान माना जाता है। यह वृक्ष मरुस्थलीय क्षेत्रों में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, मिट्टी संरक्षण, पशुओं के चारे तथा जैव विविधता को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रधानमंत्री ने खेजड़ी के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
इंजीनियर्स से मिले, जानी परियोजना की प्रगति
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रिफाइनरी के इंजीनियर्स और तकनीकी विशेषज्ञों से मुलाकात की। उन्होंने परियोजना की प्रगति, आधुनिक तकनीकों और उत्पादन क्षमता की जानकारी ली तथा इंजीनियरों के कार्यों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह रिफाइनरी राजस्थान ही नहीं बल्कि पूरे देश की ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

विकास, रोजगार और पर्यावरण का मिला संदेश
प्रधानमंत्री के इस दौरे में विकास, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण तीनों विषय प्रमुख रहे। एक ओर हजारों युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिलने से रोजगार को नई गति मिली, वहीं दूसरी ओर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत खेजड़ी का पौधारोपण कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया। पचपदरा रिफाइनरी को पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।

Leave a Reply