बालोतरा/बाड़मेर | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बाड़मेर जिले के पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान मंच पर एक भावुक और प्रेरणादायक पल देखने को मिला, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न विभागों में नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर रहे थे। इसी दौरान राजस्थान पुलिस के नवचयनित कांस्टेबल पिंटाराम गरासिया नियुक्ति पत्र लेने के बाद घबराहट में तुरंत मंच से लौटने लगे। यह देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें रोक लिया और मुस्कुराते हुए कहा, “क्यों भाग रहे हो? राजस्थान पुलिस के सिपाही हो, डरना नहीं है… आगे भी तैयारी करते रहो।”

प्रधानमंत्री ने इसके बाद कांस्टेबल की पीठ थपथपाकर उनका उत्साहवर्धन किया। मंच पर हुआ यह आत्मीय संवाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के लिए यादगार बन गया और वहां मौजूद लोगों ने तालियों के साथ इस पल का स्वागत किया।
कांस्टेबल पिंटाराम ने साझा किया अनुभव
उदयपुर निवासी नवचयनित कांस्टेबल पिंटाराम गरासिया ने बताया कि पहली बार किसी बड़े मंच पर प्रधानमंत्री से मुलाकात होने के कारण वे काफी घबराए हुए थे। नियुक्ति पत्र लेने के बाद जैसे ही वापस लौटने लगे, तभी प्रधानमंत्री मोदी ने उनका हाथ पकड़कर कहा, “क्यों भाग रहे हो? राजस्थान पुलिस के सिपाही हो, डरना नहीं है और आगे भी तैयारी करते रहो।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इन शब्दों ने उनका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ा दिया और यह पल उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक रहेगा।
12वीं के दो साल बाद ही बने कांस्टेबल
पिंटाराम गरासिया ने बताया कि उन्होंने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के मात्र दो वर्ष बाद ही राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 में सफलता हासिल की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने विभिन्न विभागों के चार-पांच नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान युवाओं और उनके परिजनों में खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply