शिक्षा मंत्री मदन दिलावर होंगे मुख्य अतिथि, संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति | विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का बनेगा प्रमुख केंद्र
बावड़ी/जोधपुर। शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अनंत श्री सुखरामजी ट्रस्ट द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिराई में लगभग 67 लाख रुपये की लागत से निर्मित ‘भारतीय सनातन संस्कृति पुनरुत्थान भवन’ का भव्य लोकार्पण एवं विद्यालय को समर्पण समारोह 19 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह समारोह क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन शामिल होंगे।

समारोह सतगुरु महाराज, महंत एवं अनंत श्री सुखरामजी रामस्नेही सम्प्रदाय के प्रबंध न्यासी के पावन सान्निध्य में आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत करेंगे, जबकि राजस्थान सरकार के विद्यालयी शिक्षा, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय स्तर के वक्ता और विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल
समारोह के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के घुमंतु प्रकल्प के अखिल भारतीय अध्यक्ष दुर्गादास होंगे। वहीं पाली सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पी.पी. चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अलावा क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, समाजसेवी, संत-महात्मा एवं गणमान्य नागरिक भी समारोह में भाग लेंगे।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का बनेगा नया केंद्र
ट्रस्ट के सचिव साधु चरणदास ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस संस्कृति भवन का निर्माण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, भारतीय संस्कृति के संरक्षण तथा सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कराया गया है।
उन्होंने बताया कि इस भवन में भविष्य में संगोष्ठियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास कार्यशालाएं, साहित्यिक आयोजन, प्रेरक व्याख्यान एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी। इससे विद्यार्थियों के बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान से सम्मानित हुआ ट्रस्ट
साधु चरणदास ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं विद्यालय में संस्कृति भवन के निर्माण के लिए अनंत श्री सुखरामजी ट्रस्ट को हाल ही में जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 में राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के करकमलों से ट्रस्ट को प्रदान किया गया, जो शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में ट्रस्ट के निरंतर योगदान का प्रमाण है।
सभी प्रमुख अतिथियों ने स्वीकार किया निमंत्रण
ट्रस्ट सचिव ने बताया कि समारोह में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, दुर्गादास एवं सांसद पी.पी. चौधरी सहित सभी प्रमुख अतिथियों को ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल द्वारा व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया गया, जिन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति प्रदान की है।
पहले भी विद्यालय को दे चुका है मिनी ऑडिटोरियम की सौगात
अनंत श्री सुखरामजी ट्रस्ट का विद्यालय के विकास में यह पहला योगदान नहीं है। इससे पूर्व भी ट्रस्ट द्वारा लगभग 25 लाख रुपये की लागत से मिनी ऑडिटोरियम (गौरव तालाब) का निर्माण कर उसे विद्यालय को समर्पित किया गया था। इस ऑडिटोरियम का उपयोग विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। अब 67 लाख रुपये की लागत से निर्मित भारतीय सनातन संस्कृति पुनरुत्थान भवन विद्यालय को एक नई पहचान देने का कार्य करेगा।
जन-जन से की सहभागिता की अपील
अनंत श्री सुखरामजी ट्रस्ट ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से 19 जुलाई को आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।

ट्रस्ट का मानना है कि ‘भारतीय सनातन संस्कृति पुनरुत्थान भवन’ केवल एक भवन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण की भावना का सशक्त केंद्र बनेगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।

Leave a Reply