पुणे/महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के चर्चित कारोबारी परिवार से जुड़े युवक केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश प्रतीत हो रहा है। आरोप है कि केतन की मंगेतर और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर उसे खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया।

जानकारी के अनुसार, केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ 18 जून को उसका जन्मदिन मनाने के लिए पुणे के निकट स्थित लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गए थे। दोनों की नवंबर में शादी होने वाली थी और इसके लिए करीब 17 करोड़ रुपये का पैलेस भी बुक किया गया था।
घटना के बाद सिया ने पुलिस को बताया था कि फोटो खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गया। करीब तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसका शव बरामद किया गया।
हालांकि जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कई संदिग्ध तथ्य मिले। कॉल डिटेल्स, चैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच में कथित तौर पर सिया और उसके प्रेमी के बीच लगातार संपर्क सामने आया। पुलिस का दावा है कि दोनों ने मिलकर इस वारदात की योजना बनाई थी।

जांच अधिकारियों के अनुसार, मामले में अब हत्या और आपराधिक साजिश के एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाला है, क्योंकि जिस युवक के साथ कुछ महीनों बाद शादी होने वाली थी, उसी की मौत को कथित तौर पर दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले ने पूरे महाराष्ट्र में सनसनी फैला दी है और लोग इस खौफनाक घटनाक्रम से स्तब्ध हैं।

Leave a Reply