जल संरक्षण अभियान: 13 तालाबों का गहरीकरण, अंग्रेजी बबूल मुक्त बनाने का संकल्प

बावड़ी। आदर्श गांव नांदिया कला को अंग्रेजी बबूल मुक्त एवं जल संरक्षण की दृष्टि से समृद्ध बनाने के लिए ग्रामवासी और समस्त महाजन ट्रस्ट मुंबई मिलकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। गांव को जल युक्त बनाने के इस अभियान में पर्यावरण संरक्षण और भूजल संवर्धन को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
जल संरक्षण प्रमुख नाहरसिंह भाटी ने बताया कि विगत सात वर्षों से समस्त महाजन ट्रस्ट मुंबई द्वारा उपलब्ध करवाई गई जेसीबी मशीन तथा स्थानीय भामाशाहों के सहयोग से पर्यावरण एवं जल संरक्षण के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इस दौरान अब तक 13 तालाबों का गहरीकरण किया जा चुका है तथा उनके कैचमेंट एरिया को अंग्रेजी बबूल से मुक्त कर पानी की आवक क्षमता बढ़ाई गई है।

उन्होंने बताया कि इन प्रयासों के कारण गांव का वर्षा जल गांव में ही संग्रहित हो रहा है, जिससे भूजल स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही लगभग 2000 से अधिक देशी प्रजातियों के वृक्ष जैसे देसी बबूल, कैर एवं कुम्भट विकसित हो रहे हैं। इससे गौवंश एवं अन्य जीव-जंतुओं के लिए चारागाह भूमि बढ़ी है तथा वन्यजीवों और पक्षियों को भी बेहतर आवास उपलब्ध हुआ है।

इस वर्ष भी समस्त महाजन के मैनेजिंग ट्रस्टी गिरीशभाई शाह एवं देवेंद्र जैन (वापी) द्वारा उपलब्ध करवाई गई जेसीबी मशीन के माध्यम से गांव को जल युक्त एवं अंग्रेजी बबूल मुक्त बनाने का कार्य जारी है। इसके साथ ही सूरत सेवा समिति के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर रिचार्ज पिट बनाकर वर्षा जल संचयन का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे भूमिगत जल स्तर में और अधिक सुधार होने की उम्मीद है।
अभियान में समस्त महाजन के राज्य समन्वयक प्राणी मित्र हरिनारायण सोनी, संपर्क प्रमुख रविंद्र जैन, युवा सरपंच जसवंतसिंह भाटी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी नाहरसिंह भाटी, कुन्नाराम जानी, प्रेम माचरा, मोहनसिंह भाटी, शंकरसिंह, अनोपसिंह पंवार, महिपाल चौधरी, कानसिंह पंवार सहित मातृशक्ति एवं ग्रामवासी सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं।


Leave a Reply