बालोतरा। रेगिस्तानी क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण के लिए कार्यरत ग्रीन डेजर्ट संस्थान ने एक बार फिर मानवता और पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण प्रस्तुत किया। ग्राम पंचायत दाखां के थोरियों की ढाणी के समीप स्थित एक खेत में बुधवार सुबह कुत्तों के हमले से एक नीलगाय गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार खेत में कार्य कर रहे डुगराराम थोरी की नजर घायल नीलगाय पर पड़ी। उन्होंने तुरंत ग्रीन डेजर्ट संस्थान बालोतरा के जिला अध्यक्ष एवं वन्यजीव प्रेमी नरसाराम चौधरी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही नरसाराम चौधरी ने वन विभाग सिणधरी की टीम को मामले से अवगत कराया।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल नीलगाय को निजी वाहन की सहायता से रेस्क्यू कर उपचार के लिए रेस्क्यू सेंटर सिणधरी भेजा गया। बाद में वन विभाग सिणधरी द्वारा निजी वाहन का किराया भी वहन किया गया। समय रहते किए गए इस प्रयास से नीलगाय की जान बचाई जा सकी।
इस सराहनीय कार्य के लिए सिणधरी वन विभाग की टीम ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति समर्पित नरसाराम चौधरी और उनकी टीम की प्रशंसा की। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी नरसाराम दाखां, गणेशाराम, डुगराराम, केराराम, खेमाराम तथा अनिल मिरासी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।


Leave a Reply