बावड़ी। हजरत अन्ना सा दरवेश बाबा रहमतुल्लाह अलैह का 15वां उर्स मुबारक 09 जून 2026, मंगलवार को गंगाणी स्थित दरगाह शरीफ में अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। उर्स के अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है।
दरगाह कमेटी के सचिव सलमान शाह ने बताया कि उर्स मुबारक के दौरान मौलाना बरकत अली साहब (शेख नगर, पीपाड़) तथा मौलाना रमजान अशफ़ाक़ी साहब (जोधपुर) विशेष तकरीर पेश करेंगे। कार्यक्रम में बुजुर्गाने दीन की शिक्षाओं, इंसानियत, भाईचारे और अमन के संदेश पर प्रकाश डाला जाएगा।

उन्होंने बताया कि असर की नमाज के बाद चादर शरीफ पेश की जाएगी। इसके पश्चात सभी अकीदतमंदों के लिए लंगर शरीफ का आयोजन रखा गया है। वहीं नमाज-ए-ईशा के बाद विशेष तकरीर का कार्यक्रम आयोजित होगा।
हाफिज मौलाना यूसुफ सिद्दीकी, पेश इमाम गंगाणी ने सभी अकीदतमंदों से उर्स मुबारक में शिरकत कर बुजुर्गाने दीन की तालीमात से फैज हासिल करने की अपील की है।

दरगाह कमेटी गंगाणी ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों एवं अकीदतमंदों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर उर्स मुबारक को सफल बनाने का आग्रह किया है। उर्स जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश देते हैं।

Leave a Reply