जोधपुर ग्रामीण जिले के बावड़ी कस्बे में महिला आत्महत्या प्रकरण में पुलिस जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। इस बहुचर्चित मामले में पुलिस ने अब तीसरे वांछित आरोपी हनुमानराम पुत्र चेतनराम पूनिया निवासी पूनियों की बासनी, थाना खेड़ापा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की मौत से पहले लगातार उसके संपर्क में था और उसे आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित कर रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पी.डी. नित्या ने बताया कि इस मामले में पहले ही दो आरोपी महिपाल पुत्र भवराराम और गोपाल पुत्र हरीराम को 17 मई 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच और तेज कर दी गई है।
पानी की टंकी पर चढ़ी थी महिला
घटना 15 मई 2026 की है, जब बावड़ी गांव में एक महिला अचानक पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही खेड़ापा थाना पुलिस, थानाधिकारी लाखाराम और बावड़ी तहसीलदार वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने महिला से बातचीत कर नीचे उतरने का प्रयास किया।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसने पूर्व में एक गंभीर मामला दर्ज करवाया था, लेकिन उसमें उचित कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही उसने आरोप लगाया कि संबंधित आरोपी लगातार उसे परेशान कर रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।
समझाइश के बावजूद नहीं मानी महिला
मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन, ग्रामीणों और परिजनों ने महिला को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। इसी दौरान महिला ने टंकी से नीचे एक कांच की शीशी फेंकी। जब पुलिस ने उसे जांचा तो उसमें जहरीली गोलियां मिलीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मी तुरंत टंकी पर चढ़े और महिला को नीचे उतारकर बावड़ी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में जोधपुर के एमडीएम अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने के भरसक प्रयास किए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने किया धरना प्रदर्शन
महिला की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतका के पति और पिता को मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने आरोपियों और कथित दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। शुरुआत में परिजनों ने रिपोर्ट देने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में समझाइश के बाद मृतका के भाई और पति ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज करवाया।
गहन जांच में सामने आए अहम साक्ष्य
पुलिस थाना खेड़ापा में दर्ज प्रकरण संख्या 126/2026 धारा 108 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुनाथ गर्ग को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी व भौतिक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हनुमानराम घटना से कुछ दिन पहले से महिला के संपर्क में था। इतना ही नहीं, जिस समय महिला पानी की टंकी पर चढ़ी हुई थी और पुलिस व प्रशासन उसे समझाने में जुटा था, उसी दौरान आरोपी लगातार फोन पर महिला से संपर्क में रहकर उसे आत्महत्या करने के लिए उकसा रहा था।
पुलिस का दावा है कि मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी जांच और अन्य भौतिक साक्ष्यों से आरोपी की भूमिका स्पष्ट हुई है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने करीब 15 संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की।
पहले भी दर्ज था गंभीर मामला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतका द्वारा पूर्व में दर्ज करवाए गए गैंगरेप संबंधी मामले की जांच पहले भोपालगढ़ वृत्ताधिकारी द्वारा की जा रही थी, जिसे अब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण को सौंप दिया गया है। पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर गंभीरता से जांच कर रही है।
अब तक गिरफ्तार आरोपी
- हनुमानराम पुत्र चेतनराम, निवासी पूनियों की बासनी, थाना खेड़ापा
- महिपाल पुत्र भवराराम, निवासी पूनियों की बासनी, थाना खेड़ापा (गिरफ्तार 17 मई 2026)
- गोपाल पुत्र हरीराम, निवासी पूनियों की बासनी, थाना खेड़ापा (गिरफ्तार 17 मई 2026)
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं और जांच अभी जारी है।

Leave a Reply