Advertisement

राजस्थान में ‘अपना खाता’ पोर्टल बंद, जमाबंदी-नक्शा नहीं निकलने से किसान परेशान

blank

सर्वर मेंटेनेंस के चलते तीन दिन से बंद पोर्टल, रजिस्ट्री, नामांतरण और KCC कार्य प्रभावि

जोधपुर। राजस्थान राजस्व विभाग का “अपना खाता” पोर्टल पिछले तीन दिनों से बंद होने के कारण किसानों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पोर्टल बंद होने से जमाबंदी, नक्शा, नामांतरण (म्यूटेशन), सीमाज्ञान, रजिस्ट्री सहित जमीन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य ठप हो गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ई-मित्र केंद्रों पर लोग दस्तावेज निकलवाने पहुंच रहे हैं, लेकिन पोर्टल बंद होने की जानकारी मिलने पर उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान समय में खेती-किसानी और बैंकिंग कार्यों के लिए डिजिटल जमाबंदी और नक्शों की आवश्यकता सबसे अधिक रहती है। लेकिन पोर्टल बंद होने से किसान समय पर जरूरी दस्तावेज प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनके राजस्व एवं बैंकिंग संबंधी कार्य बाधित हो रहे हैं।

ये कार्य हो रहे हैं प्रभावित

अपना खाता पोर्टल बंद होने से ऑनलाइन जमाबंदी और नक्शे नहीं निकल पा रहे हैं। इसके चलते नामांतरण, सीमाज्ञान, रजिस्ट्री तथा तहसील कार्यालयों में जमीन से जुड़े कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। तहसील स्तर पर भी राजस्व संबंधी मामलों का निस्तारण धीमा पड़ गया है।

किसान क्रेडिट कार्ड और ऋण प्रक्रिया पर असर

पोर्टल बंद होने का सबसे ज्यादा असर किसान समुदाय पर देखा जा रहा है। किसानों ने बताया कि बैंकों में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के नवीनीकरण और नए KCC बनाने के लिए डिजिटल जमाबंदी और डिजिटल नक्शे की आवश्यकता होती है। कई मामलों में QR कोड युक्त जमाबंदी भी अनिवार्य रहती है। लेकिन पोर्टल बंद होने से दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।

इसके कारण किसानों को कृषि ऋण लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन की तैयारियों के लिए उन्हें समय रहते बैंक से ऋण लेकर बीज, खाद और अन्य कृषि संसाधनों की व्यवस्था करनी होती है। लेकिन पोर्टल बंद रहने से ऋण प्रक्रिया अटक गई है।

सर्वर मेंटेनेंस के चलते बंद किया गया पोर्टल

जानकारी के अनुसार “अपना खाता” पोर्टल पर अत्यधिक लोड के कारण पिछले कुछ समय से इसकी स्पीड धीमी चल रही थी। तकनीकी खामियों को दूर करने और सर्वर अपग्रेडेशन के लिए विभाग द्वारा पोर्टल का मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है। इसी कारण पोर्टल को अस्थायी रूप से पूरी तरह बंद किया गया है।

सोमवार से फिर शुरू होगा पोर्टल

बावड़ी तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि राजस्व विभाग के पोर्टल को सर्वर मेंटेनेंस और अन्य तकनीकी सुधारों के लिए बंद किया गया था। अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और सोमवार से “अपना खाता” पोर्टल के पुनः सुचारु रूप से शुरू होने की संभावना है।

अपना खाता पोर्टल पर मिलती हैं ये सुविधाएं

राजस्थान राजस्व विभाग द्वारा संचालित “अपना खाता” पोर्टल पर नागरिक अपनी जमीन से जुड़ी विभिन्न जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं। पोर्टल के माध्यम से जमाबंदी, नामांतरण, नक्शा, खसरा विवरण सहित अन्य राजस्व रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाते हैं। नागरिक स्वयं या ई-मित्र केंद्रों के माध्यम से ये दस्तावेज प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *