Advertisement

राजस्थान ATS की बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तान के ‘पे-पर-टास्क’ जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, 20 जिलों में रेड, 60 युवक हिरासत में

blank

जयपुर। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर राजस्थान एटीएस (ATS) ने बुधवार को राज्यभर में एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 जिलों में छापेमारी की। इस ऑपरेशन का मुख्य निशाना पाकिस्तान में बैठा आतंकी शहजाद भट्टी और उसका खतरनाक ‘पे-पर-टास्क’ नेटवर्क रहा। कार्रवाई के दौरान एटीएस ने करीब 60 संदिग्ध युवाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को बना रहा था जासूस

जांच एजेंसियों के अनुसार, आईएसआई (ISI) से जुड़े आतंकी शहजाद भट्टी ने भारतीय युवाओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अपने जाल में फंसाने का नया तरीका अपनाया था। ‘पे-पर-टास्क’ मॉडल के तहत युवाओं को संवेदनशील सरकारी भवनों, सैन्य ठिकानों और सामरिक क्षेत्रों की फोटो-वीडियो भेजने के बदले पैसे दिए जाते थे।

blank

शुरुआत में छोटे-छोटे ऑनलाइन टास्क देकर भरोसा जीता जाता था, लेकिन बाद में युवाओं को हथियार, गैंगस्टर लाइफस्टाइल और मोटी रकम का लालच देकर रेकी, टारगेट किलिंग और ग्रेनेड अटैक जैसे गंभीर आतंकी कार्यों में शामिल करने की कोशिश की जा रही थी।

डार्क वेब और गेमिंग चैट का इस्तेमाल

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक यह नेटवर्क डार्क वेब ब्राउजर, ऑटो-डिलीट चैटिंग ऐप्स और गेमिंग सर्वर आधारित प्राइवेट चैट रूम के जरिए संचालित किया जा रहा था ताकि एजेंसियों की निगरानी से बचा जा सके।

blank

जानकारी के अनुसार, देशभर में करीब 900 युवा इस नेटवर्क के संपर्क में थे, जिनमें से लगभग 60 राजस्थान के बताए जा रहे हैं। एटीएस अब हिरासत में लिए गए युवाओं के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल डिवाइस की जांच कर रही है, ताकि पाकिस्तान भेजी गई सूचनाओं की गंभीरता का पता लगाया जा सके।

बड़ी साजिश नाकाम

एटीएस की इस कार्रवाई को राजस्थान की सामरिक सुरक्षा के खिलाफ रची जा रही बड़ी साजिश को विफल करने वाला कदम माना जा रहा है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क को डार्क वेब के जरिए फंडिंग भी की जा रही थी। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में कई बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *