Advertisement

बिराई में अवैध बजरी से भरे डंपर ने बाइक सवारों को कुचला, महिला गंभीर घायल

blank

अवैध बजरी परिवहन के विरोध में ग्रामीणों का हंगामा, पुलिस ने डंपर जब्त कर शुरू की कार्रवाई

बावड़ी। क्षेत्र के बिराई गांव में रविवार को अवैध बजरी परिवहन कर रहे एक डंपर ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि एक बुजुर्ग भी घायल हुए हैं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया।

blank

जानकारी के अनुसार बिराई निवासी मनीषा (26) और भबूतराम (65) मोटरसाइकिल पर ट्यूबवेल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान राम चौकी बुचेटी सड़क पर सामने से आ रहे बजरी से भरे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल डंपर के टायरों के नीचे आ गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में महिला मनीषा के पैरों के ऊपर से डंपर का पहिया निकल गया, जिससे उसके पैर गंभीर रूप से कुचल गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।

blank

ग्रामीणों ने अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ जमकर विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बजरी खनन और परिवहन चल रहा है, लेकिन प्रशासन और खनन विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद करीब दो घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।

बाद में खेड़ापा पुलिस थाना के सहायक पुलिस निरीक्षक किसनाराम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और अवैध बजरी परिवहन कर रहे डंपर को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।

blank

घटना की सूचना मिलने पर बावड़ी तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शेखावत भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तहसीलदार को बताया कि बांध के पीछे खसरा नंबर 665 में नदी बहाव क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बजरी खनन किया जा रहा है, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शेखावत ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पटवारी से मौका रिपोर्ट तैयार करवाई जाएगी तथा जांच के बाद अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस ने डंपर को थाना परिसर में खड़ा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

blank

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *