निर्माण में निम्न गुणवत्ता की सामग्री इस्तेमाल होने का आरोप, ग्रामीणों ने उच्च स्तरीय जांच और ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग उठाई
बावड़ी। पंचायत समिति बावड़ी की सेवकी खुर्द ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग, नियमों की अनदेखी और तकनीकी मानकों का पालन नहीं करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की जांच नहीं हुई तो भविष्य में यह भवन हादसे का कारण बन सकता है और मरीजों की जान खतरे में पड़ सकती है।

ग्रामीणों के अनुसार उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य शुरू से ही विवादों में रहा है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण में गुणवत्ता का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा जा रहा और विभागीय नियमों को ताक में रखकर कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण कार्य इतना कमजोर किया जा रहा है कि भवन पूरा होने से पहले ही कई जगहों पर दरारें और टूट-फूट दिखाई देने लगी है।
लीन्टल, सरिया और मसाले की गुणवत्ता पर सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में उपयोग हो रही सीमेंट, बजरी और सरिया की गुणवत्ता बेहद खराब है। आरसीसी कार्य में नियमानुसार सरिया नहीं लगाया गया तथा सीमेंट की मात्रा भी तय मानकों के अनुरूप नहीं मिलाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर लीन्टल निर्धारित 9 इंच की बजाय केवल 6 से 7 इंच तक ही बनाया गया है।
इसके अलावा भवन की दीवारें भी सीधी नहीं हैं। कई दीवारें बाहर और अंदर की ओर झुकी हुई दिखाई दे रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही लीन्टल कई जगहों से टूटने लगा है, जिससे भवन की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

“सीमेंट की जगह रेत मिलाई जा रही” — ग्रामीण
ग्रामीण मुन्नाराम ने आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूरी तरह घटिया क्वालिटी का किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बजरी के साथ पर्याप्त मात्रा में सीमेंट नहीं मिलाया जा रहा, बल्कि रेत का उपयोग ज्यादा किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि निर्माण में लगाया गया सरिया अभी से बाहर निकलने लगा है।
वहीं ग्रामीण मधु सिंह ने कहा कि निर्माण में हल्की गुणवत्ता की सीमेंट का उपयोग किया गया है। मसाला हाथ लगाने से झड़ रहा है और कई जगह सरिया साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की।
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं सुधरा काम
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार ठेकेदार को निर्माण कार्य में सुधार करने की चेतावनी दी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य में कोई सुधार नहीं किया गया। आरोप है कि ठेकेदार लगातार मनमाने तरीके से कार्य कर रहा है और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रुकवाया जाए और निर्माण सामग्री सहित सभी तकनीकी पहलुओं की विशेषज्ञों से जांच करवाई जाए। साथ ही दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि स्वास्थ्य सेवाओं जैसे संवेदनशील क्षेत्र में लापरवाही को रोका जा सके।
ठेकेदार ने आरोपों को बताया निराधार
रितेश कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार कमल किशोर ने ग्रामीणों के आरोप निराधार कहा उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य विभागीय नियमों और गुणवत्ता मानकों के अनुसार किया जा रहा है।
अधिकारी बोले — जांच में कई कमियां मिलीं
खंड चिकित्सा अधिकारी बावड़ी परमेश्वर हंसालिया ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिलने के बाद उन्होंने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कई कमियां पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है तथा नियमों के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply