सूचना के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
भोपालगढ़ (जोधपुर)।भोपालगढ़ उपखंड क्षेत्र में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। ग्राम पंचायत बिरानी के राजस्व गांव कलावास के ढिकली बेरा क्षेत्र में 11 केवी विद्युत लाइन के तार लंबे समय से नीचे झूल रहे हैं, जो आमजन और पशुओं के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। हाल ही में इन तारों की चपेट में आने से दो बैलों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार, ढिकली बेरा से गुजर रही यह 11 केवी कृषि फीडर लाइन जुशबदीन तेली की ट्यूबवेल से होते हुए ठाकुर की ट्यूबवेल तक जाती है। लेकिन बीच में पर्याप्त पोल नहीं होने और लंबे समय से मेंटेनेंस नहीं होने के कारण तार काफी नीचे झूल रहे हैं। स्थिति यह है कि तारों की ऊंचाई इतनी कम हो गई है कि राह चलते लोगों के हाथ तक पहुंच रही है।

लंबे समय से बना हुआ है खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में झाड़ियां भी काफी उग चुकी हैं और मवेशी अक्सर चारा व पानी की तलाश में यहां से गुजरते हैं। झूलते तारों की वजह से आए दिन पशु करंट की चपेट में आ जाते हैं। पिछले दो दिनों में दो बैलों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में किसी इंसान की जान भी जा सकती है।
बड़ा हादसा टला, लेकिन खतरा बरकरार
गनीमत रही कि अब तक कोई मानव हताहत नहीं हुआ है, लेकिन जिस तरह से हालात बने हुए हैं, उससे कभी भी बड़ी जनहानि हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
ग्रामीणों की पीड़ा
11 केवी लाइन उनकी ट्यूबवेल तक जाती है और तार इतने नीचे हैं कि पशु अक्सर करंट की चपेट में आ जाते हैं। कई बार विभाग को सूचना देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
दलपत सिंह राठौड़,निवासी कलावास
तारों की स्थिति बेहद खतरनाक है और विभाग पूरी तरह से अनदेखी कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़ा हादसा होना तय है।
जगदीश,किसान निवासी कलावास
जिम्मेदार अधिकारी का बयान
जानकारी में नहीं है आपने बताया है लोकेशन बता दीजिएगा आज ही पोल भिजवाकर तुरंत तारों को ऊंचा करवा दिया जाएगा ।
हेमंत टाक, सहायक अभियंता भोपालगढ़

Leave a Reply