जोधपुर।जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बुधवार को बनाड़ रोड स्थित निर्माणाधीन आरटीओ नाले एवं सड़क कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़क और नाले के बीच बने खाली पैच को शीघ्र भरा जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान महादेव नगर से सारण नगर तक बन रही सड़क का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य जारी है और अगले दस दिनों में डामरीकरण (DBM बेस लेयर) पूरा कर लिया जाएगा।

कलेक्टर ने सालावास रोड पर नाले के पास क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने रुडिप, जेडीए और पीडब्ल्यूडी को आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण कार्य पूरा करने के लिए कहा।
गर्मी को देखते हुए श्रमिकों के लिए छाया, पेयजल, प्राथमिक उपचार किट और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता और सही लेवलिंग बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य दीर्घकालीन उपयोगिता को ध्यान में रखकर किया जाए। उन्होंने स्थानीय निवासियों से संवाद कर उन्हें कार्य की जानकारी दी और सहयोग की अपील की।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर-प्रथम) अंजुम ताहिर सम्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply