Advertisement

जोधपुर में दिनदहाड़े हत्या का राज खुला: 35 साल पुरानी दुश्मनी ने कैसे ली वृद्ध की जान?

blank

जोधपुर (ग्रामीण): जोधपुर जिले के चामू थाना क्षेत्र के ग्राम नाथड़ाऊ में हुई दिनदहाड़े वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे में बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जिला पुलिस अधीक्षक पी.डी. नित्या ने बताया कि 22 अप्रैल 2026 को हुई इस जघन्य हत्याकांड के पीछे 35 साल पुरानी रंजिश सामने आई है। आरोपी ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया।

क्या था मामला?

प्रार्थी सुल्तानसिंह की रिपोर्ट के अनुसार, उसका चाचा मगसिंह राजपुरोहित उसके साथ मोटरसाइकिल पर कनोडिया पुरोहितान से नाथड़ाऊ लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में खेतसिंह और उसके साथियों ने बोलेरो गाड़ी से टक्कर मारकर दोनों को गिरा दिया।

इसके बाद आरोपियों ने तलवार से ताबड़तोड़ वार कर मगसिंह की मौके पर ही हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस थाना चामू में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत और वृताधिकारी राजेन्द्रसिंह के निर्देशन में कई टीमों का गठन किया गया।

blank

एफएसएल, एमओबी और साइबर टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए और आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की गई। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी खेतसिंह पुत्र चैनसिंह, निवासी कनोडिया पुरोहितान को गिरफ्तार कर लिया।

आगे की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस पूरे मामले के खुलासे में थानाधिकारी हनुमानराम के नेतृत्व में पुलिस टीम के कई सदस्यों की अहम भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस को सुलझाया।

blank

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *