जोधपुर। जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। जिला कलक्टर आलोक रंजन द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब कक्षा प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालयों का समय प्रातःकालीन कर दिया गया है।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (समग्र शिक्षा) जोधपुर के प्रस्ताव के आधार पर जिले के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों के लिए 25 अप्रैल 2026 से अगले आदेश तक स्कूल समय सुबह 07:30 बजे से 11:30 बजे तक रहेगा।

प्रशासन का यह निर्णय भीषण गर्मी से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है, जिससे दिन के समय तापमान और अधिक बढ़ने की संभावना है।
केवल विद्यार्थियों पर लागू होगा आदेश
जारी निर्देशों के अनुसार यह बदला हुआ समय केवल विद्यार्थियों के लिए लागू रहेगा। विद्यालयों के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक स्टाफ पूर्व निर्धारित समयानुसार ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

Leave a Reply