जयपुर। रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल संग्रहालय में राजस्थान पुलिस के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में सुरों, अनुशासन और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पुलिस बैंड की शानदार प्रस्तुतियों, ड्रोन शो और आतिशबाजी ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास मौजूद रहे। उन्होंने राजस्थान पुलिस की सेवा भावना और समर्पण की सराहना करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डीजी (लॉ एंड ऑर्डर) संजय अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस रुपिंदर सिंह ने आभार व्यक्त किया। समारोह में कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और रिटायर्ड डीजीपी भी उपस्थित रहे।

राष्ट्रभक्ति और संस्कृति का संगम
कार्यक्रम की शुरुआत सेन्ट्रल बैंड द्वारा जनरल सैल्यूट और ‘वंदे मातरम’ की ओजपूर्ण धुन से हुई। इसके बाद बेण्ड मास्टर मनोज कुमार के नेतृत्व में ‘नीबूड़ा’ जैसी राजस्थानी धुनों ने स्थानीय संस्कृति की खुशबू बिखेरी। बीएसएफ बैंड ने ‘ताकत वतन की हमसे है’ और संयुक्त ब्रास बैंड ने ‘संदेशे आते हैं’ की प्रस्तुति देकर देशभक्ति का माहौल बना दिया।
82 वर्षीय रिटायर्ड इंस्पेक्टर ने बांधा समां
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब 82 वर्षीय रिटायर्ड इंस्पेक्टर शिव प्रकाश ने माउथ ऑर्गन पर ‘आजा सनम मधुर चांदनी में’ और ‘एक दिन बिक जाएगा’ जैसी धुनें प्रस्तुत कीं। उनकी ऊर्जा और समर्पण ने दर्शकों को भावुक कर दिया और पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।
सदाबहार गीतों से सजी शाम
उपनिरीक्षक राधेश्याम ने ‘मैं शायर तो नहीं’ और ‘इक रास्ता है जिंदगी’ के जरिए जीवन दर्शन को संगीत में ढाला। वहीं महिला रिक्रूट कविता ने ‘मेरे सपनों की रानी’ और ‘ये समा’ जैसे गीतों से सभी का दिल जीत लिया। दिनेश कुमार और कुणाल चौहान की जोड़ी ने ‘एक हसीना थी’ पर शानदार जुगलबंदी पेश की।
तकनीक और विविधता का अनूठा मेल
कार्यक्रम में शंकर महादेव ने ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया’ से देश की गौरवगाथा सुनाई, वहीं टीकमचंद ने ‘रिमझिम गिरे सावन’ और ‘आने वाला पल’ से माहौल खुशनुमा बना दिया। पंजाब पुलिस बैंड और महिला पाइप बैंड की प्रस्तुतियों ने जोश भर दिया।
ड्रोन शो और आतिशबाजी का आकर्षण
समारोह के अंत में आकर्षक ड्रोन शो और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने आसमान को रोशनी से भर दिया, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
लाइव प्रसारण से जुड़े हजारों दर्शक
इस भव्य आयोजन का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिससे हजारों लोग ऑनलाइन जुड़े। सोशल मीडिया पर भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिला और लोगों ने राजस्थान पुलिस की सराहना की।

Leave a Reply