जोधपुर। ग्रामीण के ओसियां क्षेत्र में पुलिस ने चोरी और नकबजनी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस थाना ओसियां की टीम ने मुख्य सरगना सहित तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने दिन में रैकी और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पी.डी. नित्या के अनुसार, कस्बा ओसियां के घाटी रोड क्षेत्र में 11 दिसंबर 2025 और 25 मार्च 2026 की रात को अज्ञात चोरों ने मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले के खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत के निर्देशन और वृताधिकारी हडमानसिंह राठौड़ के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बीटीएस डाटा का विश्लेषण कर तकनीकी आधार तैयार किया।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी महेन्द्र सुथार, मोतीसिंह राजपूत और आईदानसिंह दिन के समय मकानों की रैकी करते थे और रात में अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात करते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने ओसियां में तीन अलग-अलग वारदातें करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
- महेन्द्र सुथार (21 वर्ष), निवासी घाटी रोड ओसियां
- मोतीसिंह राजपूत (32 वर्ष), निवासी घाटी रोड ओसियां
- आईदानसिंह (21 वर्ष), निवासी माताजी मंदिर के पास, ओसियां
पुलिस के अनुसार, आरोपी शातिर नकबजन हैं। उन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। मामले में चोरी गए माल की बरामदगी और फरार आरोपी श्रवणराम मेघवाल व बाबूराम उर्फ बबलू सुथार की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply