खैरथल-तिजारा।जिले में प्रशासनिक स्तर पर नई ऊर्जा और दिशा की शुरुआत करते हुए जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने बुधवार को खैरथल-तिजारा के जिला कलेक्टर के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में सभी उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों और विभागीय अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर जिले की वर्तमान स्थिति और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर अतुल प्रकाश ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग करें और जनहित के कार्यों में तेजी लाएं।
कलेक्टर ने जिले के समग्र विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, विद्युत और स्वच्छता जैसे बुनियादी क्षेत्रों पर विशेष फोकस करने की बात कही। उन्होंने स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने के साथ डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया, वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि स्थानीय युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर मिल सकें। इसके साथ ही औद्योगिक विकास को गति देने के लिए निवेश आकर्षित करने, उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और नई इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर अतुल प्रकाश ने यह भी कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए योजनाओं की नियमित समीक्षा कर पात्र लाभार्थियों तक उनका वास्तविक लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।
अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से खैरथल-तिजारा को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाएगा।


Leave a Reply