जोधपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को जोधपुर के ऐतिहासिक घंटाघर क्षेत्र में आयोजित भव्य रामनवमी शोभायात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के दरबार की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि रामनवमी की शोभायात्राएं न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक हैं, बल्कि समाज में भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण देश के लिए ऐतिहासिक क्षण रहा है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया गया। साथ ही उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन के महाकाल महालोक और सोमनाथ मंदिर में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि का सनातन संस्कृति में विशेष आध्यात्मिक महत्व है। रामनवमी का पर्व मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, विधायक देवेन्द्र जोशी, बाबूसिंह राठौड़, पब्बाराम विश्नोई, विहिप के केंद्रीय अधिकारी स्वप्न मुखर्जी, प्रांत अध्यक्ष डॉ. राम गोयल, समिति अध्यक्ष अर्जुन सिंह उचियारड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


Leave a Reply