Advertisement

बावड़ी में फसल बीमा माफिया के खिलाफ भारतीय किसान संघ का बिगुल, एसडीएम के जरिए कृषि मंत्री को भेजेंगे ज्ञापन

blank

बावड़ी। भारतीय किसान संघ – तहसील बावड़ी की नियमित बैठक शुक्रवार को बावड़ी में तहसील अध्यक्ष मुकनाराम छापरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा क्षेत्र में सक्रिय फसल बीमा माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

तहसील मंत्री भगवान सिंह (साउथ कुआं) ने जानकारी दी कि हाल ही में क्षेत्र में फसल बीमा के नाम पर हो रही अनियमितताओं एवं फर्जीवाड़े को लेकर संगठन गंभीर है। बैठक में निर्णय लिया गया कि थाने में दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष एवं सही जांच सुनिश्चित करने, खरीफ 2025 एवं रबी 2026 में सीएससी केंद्रों द्वारा की गई फर्जी बीमा पॉलिसियों की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम बावड़ी के माध्यम से राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा उचित कदम नहीं उठाए गए तो भारतीय किसान संघ चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर संघर्ष करेगा। किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पूरे बावड़ी क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को फसल बीमा, सरकारी योजनाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों की सही जानकारी दी जाएगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार के फर्जीवाड़े से किसानों को बचाया जा सके। साथ ही क्षेत्र की समस्याओं को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

बैठक में आदुराम, ओमाराम (बावड़ी), अचलाराम (मानसागर), जेठाराम (राई कोरिया), छेलपुरी (नेतड़ा), राकेश वेष्णव (भवाद), मोटाराम (खारी), नाथु सिंह (अणवाणा), कानाराम, पोकर गिरी (केलावा), भेराराम (साउथ कुआं), मनाराम (पूनियो की बासनी) सहित विभिन्न ग्राम इकाइयों के अध्यक्ष, मंत्रीगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *