Advertisement

भिवाड़ी: रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में विस्तार को लेकर डीआईसी की कार्यशाला आयोजित

blank

भिवाड़ी | बीएमए सभागार में गुरुवार को जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र (डीआईसी) भिवाड़ी द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के उद्योगों को रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में विस्तार और विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य भिवाड़ी की एमएसएमई इकाइयों, विशेषकर ऑटोमोबाइल पार्ट्स और उससे जुड़े उत्पादों के निर्माण में कार्यरत उद्योगों को रक्षा उत्पादन में शामिल होने के अवसरों से अवगत कराना था।

कार्यशाला में भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग के निदेशक, पीयूष कुमार ने रक्षा क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों, नीतियों और स्वदेशीकरण की दिशा में सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला। वहीं, सी4आई4 लैब्स की अनुजा अरोरा ने इंडस्ट्री 4.0, एआई और डिजिटल तकनीकों के माध्यम से एमएसएमई को सशक्त बनाने पर अपनी प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर राजस्थान सरकार के निवेश संवर्धन ब्यूरो (बीआईपी) द्वारा तैयार की गई एयरोस्पेस और डिफेन्स नीति-2026 पर भी चर्चा की गई, जो राज्य को रक्षा और एयरोस्पेस निर्माण का प्रमुख हब बनाने पर केंद्रित है। नीति में मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल मानव संसाधन और आकर्षक प्रोत्साहन योजनाओं का प्रावधान किया गया है।

कार्यशाला में सृजन पोर्टल की जानकारी भी दी गई, जिसे रक्षा उपकरणों और स्पेयर पार्ट्स के स्वदेशी निर्माण को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया है। कार्यक्रम में रीको, बीएमए पदाधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *