भिवाड़ी। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर जिंदल एल्युमिनियम भिवाड़ी ने जिला यातायात पुलिस भिवाड़ी के साथ मिलकर एक विशेष अभियान का आयोजन किया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित यातायात की महत्वता समझाना था।
इस मौके पर जिंदल एल्युमिनियम के प्रबंधक स्टाफ और भिवाड़ी यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को गुलाब के फूल और चॉकलेट देकर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। खासतौर पर उन लोगों का उत्साहवर्धन किया गया, जिन्होंने हेलमेट पहना था और सीट बेल्ट लगाई थी।
साथ ही, जो वाहन चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे थे, जैसे कि हेलमेट नहीं पहनना या सीट बेल्ट नहीं लगाना, उन्हें भी गुलाब का फूल और चॉकलेट देकर यह संदेश दिया गया कि वे भविष्य में यातायात नियमों का पालन करें।
यह पहल जिंदल एल्युमिनियम और भिवाड़ी यातायात पुलिस द्वारा एक सराहनीय कदम साबित हुई। इस अभियान में जिंदल एल्युमिनियम के प्लांट हेड आशीष गोयल, जनरल मैनेजर हिमांशु गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष पार्षद नरेंद्र खटाना, यातायात पुलिस के सतीश यादव, शेर सिंह और धन सिंह चौधरी सहित जिंदल एल्युमिनियम का स्टाफ भी उपस्थित था।
यह कार्यक्रम न केवल सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का एक प्रभावी तरीका था, बल्कि यह एक संदेश भी था कि सभी को मिलकर सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।


Leave a Reply