“सीख से सुरक्षा और टेक्नोलॉजी से परिवर्तन” की दिशा में एक माह का अभियान
जोधपुर । राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का उद्घाटन गुरुवार को डीटीओ कार्यालय, जोधपुर क्षेत्र में आयोजित प्रदर्शनी के माध्यम से किया गया। यह विशेष अभियान 1 जनवरी से लेकर 31 जनवरी 2026 तक चलेगा, जिसके दौरान जिलेभर में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा बैरवा ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की थीम “सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन” रखी गई है। उनका कहना था कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करके सड़क दुर्घटनाओं की संख्या को घटाना है।
डीटीओ कार्यालय परिसर में आयोजित प्रदर्शनी में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न नियमों, जैसे हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, गति सीमा का पालन, नशे में वाहन न चलाने, और पैदल यात्रियों की सुरक्षा पर जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी में आकर्षक पोस्टर, संदेशात्मक स्लोगन और दृश्य माध्यमों के जरिए लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस अभियान के दौरान, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अलावा, संबंधित विभागों द्वारा विभिन्न सड़क सुरक्षा अभियान और जनसहभागिता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।


Leave a Reply