जयपुर: भारतीय मजदूर संघ (BMS) ने शुक्रवार को एक विशाल रैली आयोजित कर राज्य सरकार को चेतावनी दी कि वह कर्मचारियों के खिलाफ कोई अत्याचार सहन नहीं करेंगे। प्रदेशभर से आए हजारों कर्मचारियों ने शहीद स्थल से रैली शुरू की, जो जयपुर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सभा स्थल पर पहुँची और आम सभा में बदल गई। इस दौरान विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों ने जोरदार नारे लगाए और अपनी समस्याओं को लेकर राज्य सरकार से तत्काल समाधान की मांग की।
रैली में सबसे आगे आंगनवाड़ी विभाग की महिलाएं थीं, इसके अलावा जलदाय विभाग, विद्युत विभाग, सिमेंट श्रमिक, नगर निगम, रोडवेज, भवन निर्माण, वन विभाग, और जनता जल श्रमिक संघ के कर्मचारियों की भी बड़ी संख्या शामिल थी। रैली के दौरान “भारत माता की जय”, “वन्दे मातरम्”, “बीएमएस ने दी ललकार, नहीं सहेंगे अत्याचार” जैसे गगनभेदी नारे लगाए गए, जिसने पूरे जयपुर शहर को एकजुट कर दिया।
आमसभा की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह डाबी ने की, जबकि मुख्य वक्ताओं में अखिल राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रासबिहारी शर्मा, महामंत्री रविंद्र, राष्ट्रीय वित्त सचिव एस के राठौड़, क्षेत्रीय संगठन मंत्री राजेश, और अन्य प्रमुख नेता शामिल थे। उन्होंने कहा कि यह रैली सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं है, बल्कि एक यज्ञ है जिसमें हर कर्मचारी को अपनी आहुति देनी होगी।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों के बारे में बात करते हुए नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार को इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करना होगा, अन्यथा भारतीय मजदूर संघ इस संघर्ष को और तेज करेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रैली के बाद भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों से वार्ता की और उन्हें विश्वास दिलाया कि यदि सरकार का मन साफ है, तो समस्याओं का समाधान अवश्य होगा।
रैली में जोधपुर से भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण सिंह राजपुरोहित, जिला अध्यक्ष भंवर आंणवा, महामंत्री मगाराम कालीराणा और अन्य कई पदाधिकारी भी शामिल हुए और अपनी उपस्थिति से इस आंदोलन को और मजबूती प्रदान की।


Leave a Reply