Advertisement

गुलाब से समझाइश, हेलमेट-नुमा चाबी से सीख रेडियम की चमक से रात में भी सुरक्षित सफर का संदेश

blank

जोधपुर । सड़क सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर जोधपुर में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), स्प्रेड स्माइल सोसायटी गैर-सरकारी संगठन एवं अल्ट्राटेक सीमेंट के संयुक्त तत्वावधान में एक अभिनव एवं मानवीय सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को दंडित करने के बजाय प्रेम, सम्मान और सकारात्मक संदेश के माध्यम से नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

दंड नहीं, संवाद से जागरूकता का संदेश

अभियान के दौरान आरटीओ के निरीक्षक एवं कांस्टेबल, स्प्रेड स्माइल सोसायटी के पदाधिकारी व स्वयंसेवक तथा अल्ट्राटेक सीमेंट के कर्मचारियों ने मिलकर 100 से अधिक दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को रोका। बिना हेलमेट व बिना सीट बेल्ट वाहन चला रहे चालकों को गुलाब भेंट कर उन्हें सुरक्षा के महत्व का संदेश दिया गया।

हेलमेट-नुमा चाबी का छल्ला और रेडियम से सुरक्षा की सीख

वाहन चालकों को हेलमेट-नुमा चाबी का छल्ला भेंट कर नियमित रूप से हेलमेट पहनने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही, हेलमेट पर रेडियम स्ट्रिप लगाकर रात्रि के समय दृश्यता बढ़ाने एवं दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। यह प्रतीकात्मक पहल लोगों के लिए एक यादगार संदेश बनकर सामने आई।

मानवीय प्रयासों से बढ़ेगा सड़क सुरक्षा का संस्कार – आरटीओ

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा बैरवा ने कहा कि मानवीय एवं सकारात्मक प्रयासों से लोग नियमों को सहजता से अपनाते हैं। उन्होंने कहा कि डर के बजाय समझाइश के माध्यम से दी गई सीख अधिक प्रभावी होती है और इससे सड़क सुरक्षा की संस्कृति विकसित होती है।

स्प्रेड स्माइल सोसायटी के प्रयास

स्प्रेड स्माइल सोसायटी गैर-सरकारी संगठन के अध्यक्ष आरिफ़ ख़ान ने कहा कि गुलाब, हेलमेट-नुमा चाबी का छल्ला और रेडियम के माध्यम से दिया गया संदेश सीधे लोगों के दिलों तक पहुँचता है और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में सहायक सिद्ध होगा। अल्ट्राटेक सीमेंट की ओर से बताया गया कि कंपनी अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत इस प्रकार के जनहितकारी अभियानों में निरंतर भागीदारी निभाती रहेगी, ताकि सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात को बढ़ावा दिया जा सके।

इस अनोखी पहल को स्थानीय नागरिकों ने खूब सराहा। कई वाहन चालकों ने भविष्य में हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर आरटीओ अधिकारी फिरोज़, महेंद्र जाखड़ सहित समस्त स्टाफ, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड से ई. प्रदीप जाखड़ एवं स्प्रेड स्माइल सोसायटी गैर-सरकारी संगठन के अध्यक्ष आरिफ़ ख़ान, पूनम चंद, कमलेश,बासित ख़ान, दिनेश, स्वयंसेवक टीम तथा अल्ट्राटेक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *