जोधपुर । जिले के शेरगढ़ थाना क्षेत्र में डीएसटी की सूचना पर पुलिस ने नशीली ड्रग्स तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 77 ग्राम अवैध सिंथेटिक एमडीएमए ड्रग्स बरामद की गई और दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। तस्करों के कब्जे से 62 ग्राम एमडीएमए आईस सुथार और 15 ग्राम एमडीएमए नक्खतसिंह उर्फ नरेंद्र सिंह के पास से जब्त किए गए।
घेराबंदी और गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई को पुलिस थाना शेरगढ़ के थानाधिकारी बुधाराम की अगुवाई में अंजाम दिया गया। डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया की सूचना पर पुलिस ने सरहद ग्राम विरमदेवगढ़ सेखाला स्थित मुलजिम नक्खतसिंह उर्फ नरेंद्र सिंह के घर के सामने बने कमरे की घेराबंदी की। इस दौरान आईस सुथार को 62 ग्राम और नरेंद्र सिंह को 15 ग्राम अवैध एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है, और आगे की जांच जारी है।
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
इस सफलता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया और थाना स्तर पर शामिल पुलिस कर्मियों— बुधाराम नि.पु., सउनि रघुवीर सिंह, श्रवणराम, रमेश, महीपाल और रमेश पटेल—को पुरस्कृत करने की घोषणा की।


Leave a Reply