जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में राजनीतिक दलों की बैठक हुई संपन्न
खैरथल–तिजारा । जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में खैरथल-तिजारा जिले में राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में 27 अक्टूबर 2025 को घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया गया और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि 4 नवंबर 2025 से 11 दिसंबर 2025 तक गणना चरण के दौरान जिले के 7,79,618 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे। इनमें से 7,28,987 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र भरकर जमा करवा दिए, जिनके नाम 16 दिसंबर 2025 को जारी प्रारूप मतदाता सूची में सम्मिलित किए गए। इस दौरान, प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ द्वारा बूथ लेवल एजेंटों के साथ बैठक आयोजित की गई और अप्राप्त गणना प्रपत्रों की सूची भी साझा की गई।
गणना चरण के दौरान 50,631 मतदाताओं के गणना प्रपत्र अप्राप्त रहे, जिनमें मृत मतदाता, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित, एकाधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाता और अन्य कारण शामिल हैं। इस सूची को जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
इस बैठक में 1,644 मतदाताओं ने फॉर्म-6 ऑनलाइन और 907 ने ऑफलाइन जमा किए, जिनके नाम भविष्य में मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। साथ ही, 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले व्यक्ति भी आगामी प्रक्रिया में अपना नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिसमें प्रमुख रूप से महासिंह चौधरी (भा.ज.पा.), बलराम यादव (कांग्रेस), और राकेश शर्मा (आप) उपस्थित थे।


Leave a Reply