Advertisement

जिला स्तरीय जलग्रहण महोत्सव का हुआ आयोजन— जनभागीदारी और जल संरक्षण के नए आयाम

blank

खैरथल-तिजारा।राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पंचायत समिति मुण्डावर के ग्राम रसगन में जलग्रहण विकास एवं भू-सरंक्षण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 परियोजना के अंतर्गत जिला स्तरीय जलग्रहण महोत्सव का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। यह महोत्सव राज्य सरकार के विशेष अभियान ‘नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान’ के तहत ग्रामीण विकास और जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

महत्मा गांधी राजकीय विद्यालय रसगन परिसर में आयोजित इस महोत्सव में जनसभा, जन-जागरूकता रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वयं सहायता समूह प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता, वृक्षारोपण और श्रमदान जैसी कई गतिविधियों का आयोजन किया गया। जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार के क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, भाजपा अलवर उत्तर के जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, और पंचायत समिति मुण्डावर की प्रधान सुनीता महेश गुप्ता ने ग्राम रसगन में एनीकट निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। साथ ही, गांव में 25 कृषकों के फार्म पॉण्ड कार्यों का भूमि पूजन भी किया गया।

जलग्रहण विकास एवं भू-सरंक्षण विभाग के अनुसार, वर्तमान सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में परियोजना क्षेत्र में 951 कार्य पूर्ण किए गए हैं। इसके अलावा, पीएचडी रूरल डेवलपमेंट फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा सीएसआर मद से 27 लाख रुपये की लागत से एनीकट निर्माण कार्य पूरा किया गया है। वरुण बेवरेज लिमिटेड की सीएसआर शाखा आरजे फाउंडेशन द्वारा 65 कृषकों के फार्म पॉण्ड निर्माण हेतु 78 लाख रुपये की परियोजना पर कार्य प्रगति पर है।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में अधीक्षण अभियंता नरेंद्र सिंह मौथू, रिटायर्ड अधीक्षण अभियंता सुमेर सिंह चौधरी, अधिशाषी अभियंता क्षत्रपाल यादव, विद्यालय के प्रधानाचार्य रामानंद, उप-प्रधानाचार्य राकेश श्रीवास्तव, और वरुण बेवरेज लिमिटेड की असिस्टेंट वाइस प्रेजिडेंट डॉ. कादम्बरी सहित कई अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

यह महोत्सव जल संरक्षण के महत्व को उजागर करने के साथ ही जनभागीदारी को प्रेरित करने में सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *