मुख्यमंत्री ने स्वयं फोन पर सुनी लोगों की समस्याएं, तुरंत समाधान से फरियादियों के चेहरे पर छाई मुस्कान
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हैल्पलाइन 181 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं फोन पर आमजन से बातचीत की और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान किया। मुख्यमंत्री द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से फरियादियों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले नवलगढ़ (झुन्झुनू) के सुधीर और कोटपूतली-बहरोड़ के नेमीचंद से संपर्क किया, जो अपनी समस्याएं लेकर संपर्क हैल्पलाइन 181 पर कॉल कर रहे थे। सुधीर ने सड़क निर्माण में आ रही समस्या को बताया, जबकि नेमीचंद ने गोकलपुर गांव में नाले की सफाई की समस्या रखी। मुख्यमंत्री ने दोनों मामलों का त्वरित समाधान कर अधिकारियों को निर्देश दिए, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों ने समस्याओं का निस्तारण किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान राजस्थान संपर्क हैल्पलाइन 181 की कार्यप्रणाली और शिकायत निवारण प्रणाली की पूरी जानकारी ली और अधिकारियों को सुझाव दिए कि अधिक से अधिक मॉनिटरिंग की जाए ताकि फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण हो सके।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, “हमारी सरकार जनसेवा को सर्वोपरि मानते हुए कार्य कर रही है। राजस्थान संपर्क हैल्पलाइन के माध्यम से लोग घर बैठे अपनी समस्याओं का समाधान पा रहे हैं। यह हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि हम संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ हर परिवेदना का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेंगे।”


Leave a Reply