भिवाड़ी। शहर के कैपिटल हाई स्ट्रीट स्थित डीएसपी ऑफिस के सामने रविवार को दिनदहाड़े एक बाइक चोरी की घटना घटित हुई, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। यह घटना थाना फूलबाग क्षेत्र के में करीब 1:30 बजे दोपहर में हुई। पीड़ित दुकानदार ललित, जो एक मोबाइल शॉप चलाते हैं, ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी दुकान पर काम कर रहे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी एचएफ बाइक (नंबर – RJ 40 SJ 5677) को आराम से चोरी कर लिया।
घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चोर को बाइक लेकर भागते हुए देखा जा सकता है। ललित ने शाम होते ही 100 नंबर पर कॉल कर चोरी की सूचना दी और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने कच्ची रिपोर्ट दर्ज कर दी और अगले दिन, सोमवार सुबह ललित ने थाना फूलबाग पहुंचकर औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराई।
ललित ने पुलिस से जल्द बाइक बरामद करने और चोरों को गिरफ्तार करने की अपील की है। वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
यह घटना शहर के व्यस्त इलाके में हुई, जहां डीएसपी ऑफिस भी स्थित है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोग और व्यापारियों ने घटना के बाद सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।


Leave a Reply