जयपुर । राजस्थान पुलिस भर्ती प्रक्रिया की तैयारियों को लेकर पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों से भर्ती प्रक्रिया की तैयारियों के बारे में जानकारी ली और उन्हें कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
शर्मा ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने विशेष तौर पर अभ्यर्थियों को भर्ती से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की पहले से उचित ब्रीफिंग देने पर जोर दिया, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके अलावा, उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी निर्देश दिए। डीजीपी ने कहा कि भर्ती स्थल पर मेडिकल टीम को आवश्यक उपकरणों और दवाइयों के साथ तैनात किया जाए, ताकि किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति में तुरंत उपचार किया जा सके। महिला उम्मीदवारों के लिए महिला चिकित्सक की उपस्थिति अनिवार्य करने की बात भी उन्होंने की।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में एडीजी (भर्ती) विपीन पांडे, एडीजी रूपिंदर सिंह, आईजी एस परिमला, आईजी प्रफुल्ल कुमार, एसपी आसूचना सतवीर सिंह, एसपी शांतनु कुमार सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित थे, जबकि जिलों के अधिकारी ऑनलाइन जुड़े रहे।
इस बैठक में शर्मा ने पुलिस भर्ती के प्रति लोगों के विश्वास को मजबूत करने और प्रक्रिया की गुणवत्ता बनाए रखने की दिशा में अधिकारियों को प्रेरित किया।


Leave a Reply