खैरथल-तिजारा । जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में जिला पर्यावरण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें वृक्षारोपण, बजट घोषणाओं और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में आगामी मानसून में 25 लाख पौधे लगाने के उद्देश्य से एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि “अगले कुछ महीनों में हम सभी मिलकर पर्यावरण संरक्षण के इस बड़े अभियान को सफल बनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण मिल सके।”
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों को वृक्षारोपण की भूमि चयन, पौधों की उपलब्धता, नर्सरी में पौधों की तैयारी और CSR के तहत पौधारोपण की रणनीति पर विचार करने के निर्देश दिए गए। आमजन को इस अभियान में जोड़ने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने की भी योजना बनाई गई, जिससे यह कार्यक्रम जन आंदोलन का रूप ले सके।
इसके अलावा, कलेक्टर ने बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागों से 31 दिसंबर तक भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि वे समय सीमा के भीतर कार्यों को प्राथमिकता से निपटाएं।
बैठक में राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं—प्रधानमंत्री आवास योजना, कुसुम कंपोनेंट-बी योजना और लाडो योजना—की प्रगति पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने इन योजनाओं के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खैरथल, उपवन संरक्षक राजेंद्र हुड्डा, सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट, अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश, और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply