Advertisement

डीएसटी जोधपुर ग्रामीण ने की बड़ी कार्रवाई, अवैध डोडा पोस्त से भरी फॉर्च्यूनर जब्त

blank

जोधपुर | जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। जिले की डीएसटी और बिलाड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से चलाए गए विशेष अभियान में एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को जब्त किया, जिसमें 415.52 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त छिपाकर ले जाया जा रहा था। इसके साथ ही एक लोडेड पिस्टल और चार कारतूस भी बरामद किए गए।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस की अगुवाई में की गई। पुलिस टीम ने 3 दिसंबर को बिलाड़ा बाईपास पर नाकाबंदी के दौरान यह सफलता हासिल की। नाकाबंदी के दौरान, एक सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली फॉर्च्यूनर गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस का नाका तोड़ते हुए गाड़ी को भगाने की कोशिश की। पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए टायर ब्रस्टर (स्टॉप स्टिक) की मदद से गाड़ी के टायर पंक्चर कर दिए। बावजूद इसके, चालक गाड़ी को पिचियाक की ओर भगाने में सफल रहा और लूनी नदी के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।

तलाशी लेने पर गाड़ी में 24 प्लास्टिक कट्टों में 415.52 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त पाया गया। साथ ही एक लोडेड पिस्टल और चार कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस ने तस्करी से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

इस सफलता के लिए डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया, हैडकानि. विरेन्द्र चौधरी और बिलाड़ा थाना प्रभारी सवाई सिंह के नेतृत्व में टीम की भूमिका सराहनीय रही। जिला पुलिस अधीक्षक ने इन सभी कर्मियों की विशेष भूमिका को मान्यता देते हुए पुरस्कार देने का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *